नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बार अध्यक्ष और महामंत्री के साथ कथित अभद्रता और धक्का-मुक्की के विरोध में गुरुवार को अधिवक्ताओं ने काशी टोल प्लाजा पर प्रदर्शन कर सभी 18 लेन फ्री करा दीं। मेरठ से दिल्ली जाने वाली सात और दिल्ली से मेरठ आने वाली 11 लेन के बैरियर हटवा दिए गए। इसके बाद टोल पर शुल्क लेना बंद हो गया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर बुधवार को गाजियाबाद में न्याय यात्रा निकाली गई थी। इसमें मेरठ के अधिवक्ता भी शामिल थे। देर शाम लौटते समय काशी टोल पर शुल्क को लेकर विवाद हो गया। मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा और महामंत्री परवेज आलम ने अधिवक्ताओं के वाहनों को टोल मुक्त करने का अनुरोध किया था। आरोप है कि टोल प्रबंधक और कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। वीडियो वायरल होने के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया।

न्याय रथ के साथ टोल पहुंचे वकील
गुरुवार सुबह कचहरी से बसों, निजी वाहनों और न्याय-रथ के साथ सैकड़ों अधिवक्ता टोल पहुंचे। उन्होंने दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक टोल फ्री रखने का ऐलान किया। सूचना पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने समझाने और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन अधिवक्ता अड़े रहे। करीब 11:45 बजे अधिवक्ताओं ने सभी लेन के बैरियर हटवा दिए। अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक संबंधित कर्मचारी मौके पर आकर माफी नहीं मांगते, विरोध जारी रहेगा।
वकील नहीं देंगे सुविधा शुल्क
प्रदर्शन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश युवा अधिवक्ता एसोसिएशन के संस्थापक संयोजक एवं महामंत्री अधिवक्ता राम कुमार शर्मा, जगदीश प्रसाद, अशोक पंडित, राजीव गोयल, शादाब, शिवम शर्मा और अरविंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। अधिवक्ताओं ने कहा कि अब कोई अधिवक्ता टोल शुल्क नहीं देगा।


