नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती लॉ कॉलेज की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर सात दिवसीय शैक्षणिक एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘विकसित भारत 2047 का संवैधानिक परिप्रेक्ष्य’ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। सुभारती लॉ कॉलेज एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर चेयर के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ के सहयोग से आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सुभारती लॉ कॉलेज की डीन प्रो. (डॉ.) रीना बिश्नोई ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के अधिकार प्रदान करने के साथ राष्ट्र के प्रति उसके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के प्रति-कुलाधिपति प्रो. (डॉ.) जी. के. थपलियाल ने कहा कि विकसित राष्ट्र बनने के लिए केवल आर्थिक समृद्धि और सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि पर्याप्त नहीं है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक न्याय, समान अवसर और नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। आर्थिक प्रगति के साथ संसाधनों का न्यायसंगत वितरण और कमजोर वर्गों का सशक्तिकरण सुनिश्चित होने पर ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। संविधान में निहित न्याय, समानता और सामाजिक कल्याण के सिद्धांत वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव हैं।

संगोष्ठी की मुख्य वक्ता एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ की सचिव सुश्री सोनिका वर्मा, अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) ने संविधान की प्रस्तावना को भारतीय लोकतंत्र की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावना में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श एक-दूसरे के पूरक हैं। इन मूल्यों के माध्यम से ही न्यायपूर्ण और समावेशी समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक भेदभाव और असमानता जैसी चुनौतियों के समाधान के लिए संवैधानिक आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया।
सात दिवसीय आयोजन के अंतर्गत विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए ‘अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को जानें’ विषय पर विधिक जागरूकता ई-क्विज का भी आयोजन किया गया। वहीं, ‘अधिकार एवं कर्तव्य : लोकतंत्र के दो आधार स्तंभ’ विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त पांचली गांव में विधिक जागरूकता शिविर लगाकर ग्रामीणों को उनके मौलिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, नागरिक कर्तव्यों और उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर विधिक रूप से सशक्त बनाना था। कार्यक्रम के अंत में डॉ. भीमराव अंबेडकर चेयर के संयोजक प्रो. (डॉ.) अनोज राज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) वैभव गोयल, प्रो. (डॉ.) प्रेम चंद्र, डॉ. सारिका त्यागी, सहित अन्य शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


