नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रोफेसर असलम जमशेदपुरी को पाँचवीं बार उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी का कार्यकारिणी सदस्य नामित किया गया है। उनकी सक्रियता और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें एक बार फिर उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी का सदस्य बनाया गया है। उनकी यह नियुक्ति इस बात का प्रमाण है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन कितनी कुशलता और निष्ठा के साथ करते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर असलम जमशेदपुरी के अकादमी का सदस्य बनने के बाद से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लेखकों, साहित्यकारों और शोधार्थियों को बड़ी संख्या में पुरस्कार, सम्मान एवं छात्रवृत्तियाँ मिलने लगी हैं। इस बार भी उन्हें उर्दू अकादमी का सदस्य बनाए जाने पर साहित्यिक जगत में खुशी की लहर है।
प्रोफेसर असलम जमशेदपुरी के इस मनोनयन पर उर्दू साहित्यकारों एवं उर्दू भाषा के जानकारों ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही आशा व्यक्त की है कि प्रोफेसर असलम जमशेदपुरी अपनी पूर्व परंपरा को कायम रखते हुए न केवल उर्दू भाषा और साहित्य के विकास एवं संवर्धन के लिए कार्य करेंगे, बल्कि निकट भविष्य में उनके क्षेत्र के लेखक तथा अन्य ऐसे लोग, जो उर्दू अकादमी की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें भी इन योजनाओं से लाभान्वित होने का अवसर मिलता रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. आसिफ अली, डॉ. शादाब अलीम, डॉ. अलका वशिष्ठ, डॉ. इरशाद सियानवी, डॉ. हाशिम रजा जैदी, डॉ. इफ्फत जकिया, डॉ. नावेद खान, डॉ. शबिस्तां आस मोहम्मद, डॉ. गुलनाज, डॉ. गुलिस्तां, डॉ. साजिद अली, आफाक खान, मुफ्ती राहत अली सिद्दीकी, मोहम्मद शमशाद, सैयदा मरियम इलाही, फरहत अख्तर, नुज़हत अख्तर, मोहम्मद आबिद अली कासमी, मोहम्मद नदीम, सईद अहमद सहारनपुरी सहित नगर के अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


