नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम जनहित फाउंडेशन, महिला एवं बाल विकास विभाग और कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या अनिता राठी ने की। मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में सतेंद्र भराला और जनहित फाउंडेशन की निदेशिका अनिता राणा मौजूद रहीं।
मीनाक्षी भराला ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन के अधिकार का उल्लंघन है। कम उम्र में विवाह से शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित होता है। उन्होंने छात्राओं से बाल विवाह की जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करने का आह्वान किया।

अनिता राणा ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के सपनों और स्वतंत्र निर्णय के अधिकार को सीमित करता है। बच्चों को विवाह के बंधन में बांधने के बजाय आगे बढ़ने का अवसर दिया जाना चाहिए।
संयोजक और समाजशास्त्र विभाग प्रभारी दीप्ति कौशिक ने कहा कि बाल विवाह का उन्मूलन केवल कानून से नहीं, सामाजिक सोच में बदलाव से होगा। शिक्षा और महिला सशक्तिकरण सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
प्राचार्या अनिता राठी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शैक्षिक विकास तक नहीं, सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना भी है।मंच संचालन स्वर्णा ने किया।
इस अवसर पर जनहित फाउंडेशन के समन्वयक अजय कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग से शिवम कुमार, इमरान, सीमा सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


