मेरठ। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद की सभी विधानसभाओं के मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदेय स्थल संभाजन सूची पर प्राप्त दावे/आपत्तियों के बाद की गई कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रत्येक विधानसभा वार प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर ईआरओ द्वारा परीक्षण के बाद की गई कार्यवाही के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त सभी सुझावों/आपत्तियों का संबंधित ईआरओ द्वारा परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। मतदेय स्थल संभाजन में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आगे की कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, समस्त ईआरओ, मेरठ शहर विधायक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चितमाना शेरपुर में बुधवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा मिला।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।
ब्लॉक स्तरीय खेल प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार एवं अनीता गोस्वामी के नेतृत्व में प्रतियोगिता का संचालन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक नीरज यादव के साथ शिक्षक अंकित मावी, नितिन तोमर, सचिन सेंगर, परविंदर सिंह, संदीप सिंह सहित अन्य अध्यापकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। खेल प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार एवं अनीता गोस्वामी ने प्रतियोगिताओं के संचालन, खेल गतिविधियों के समन्वय तथा आवश्यक व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों के सहयोग और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभाग से प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वस्थ जीवनशैली तथा उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने पर विशेष बल दिया गया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया नीरज कुमार यादव का खेलकूद प्रतियोगिता में बहुत बड़ा योगदान रहा
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘स्पंदन-2026’ उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, चित्रकला, रंगोली, नुक्कड़ नाटक और फैशन शो सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। तीन दिनों तक परिसर में कला, संस्कृति, रचनात्मकता और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल, कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल, प्रो. पिंटू मिश्रा, प्रो. रविंद्र जैन, प्रो. अनोज राज, प्रो. एस.सी. तिवारी, प्रो. पंकज एवं प्रो. मनोज कपिल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि डॉ. हिमानी अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल ने कहा कि ‘स्पंदन’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में सकारात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना और रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने महोत्सव की सफलता के लिए सभी विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन प्रो. (डॉ.) भावना ग्रोवर ने बताया कि ‘स्पंदन’ की शुरुआत संघ माता डॉ. मुक्ति भटनागर ने की थी। महोत्सव उनकी उस सोच को आगे बढ़ा रहा है, जिसके तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच देने पर विशेष जोर दिया गया था। महोत्सव के पहले दिन समूह नृत्य, एकल नृत्य, फेस पेंटिंग और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में लोक नृत्य और गरबा की थीम पर प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसमें फार्मेसी विभाग ने प्रथम, फिजियोथेरेपी विभाग ने द्वितीय और इंजीनियरिंग कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि फाइन आर्ट्स विभाग को सांत्वना पुरस्कार मिला। वेडिंग सॉन्ग्स की थीम पर आयोजित एकल नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। सेमीफाइनल में 28 प्रतिभागियों में से 12 का चयन फाइनल के लिए किया गया।
प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स के वासु भाटी ने प्रथम, केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस के प्रियांशु ने द्वितीय तथा महर्षि अरविंद सुभारती कॉलेज एवं हॉस्पिटल ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज की अवनी चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में कथक नृत्यांगना श्रीमती दिव्या जैन और सुश्री रिया मेहरोत्रा शामिल रहीं।‘सेव एनवायरनमेंट’ थीम पर आयोजित फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसमें केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस के प्रियांशु ने प्रथम, लैंग्वेज विभाग की समिया सिद्दीकी और एलाइड हेल्थ केयर की शुभांजनी सिंह ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा एलाइड हेल्थ केयर की अनुराधा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें फैकल्टी ऑफ साइंस के वंश ने प्रथम, वैभव ने द्वितीय तथा फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज के विकास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महोत्सव के दूसरे दिन समूह गायन और एकल गायन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समूह गायन प्रतियोगिता में सुभारती कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी ने प्रथम, सुभारती इंजीनियरिंग कॉलेज ने द्वितीय तथा सुभारती साइंस कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज, सुर और ताल से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें फिजियोथेरेपी कॉलेज के कुशल मिश्रा ने प्रथम, इंजीनियरिंग कॉलेज के आयुष कुमार ने द्वितीय तथा डेंटल कॉलेज की मान्या पाठक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महोत्सव के तीसरे दिन रंगोली, नुक्कड़ नाटक और फैशन शो प्रतियोगिताओं ने आकर्षण का केंद्र बने। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। इसमें शिक्षा विभाग की अर्पिता और प्रेरणा सिंह ने प्रथम, फिजियोथेरेपी विभाग की मंतशा और मानसी ने द्वितीय तथा ललित कला विभाग की पूजा और तान्या महेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. मंजरी पाल और डॉ. विकास यादव ने किया। साइबर अपराध विषय पर आयोजित नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल जागरूकता का संदेश दिया। इसमें सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग ने प्रथम, फिजियोथेरेपी विभाग ने द्वितीय तथा भाषा विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
फैशन शो प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक परिधानों, आत्मविश्वास और प्रभावशाली रैंप वॉक से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभाग ने प्रथम, फार्मेसी विभाग ने द्वितीय तथा ललित कला विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि विज्ञान विभाग को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। तीन दिवसीय ‘स्पंदन-2026’ ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नई रचनात्मक संभावनाओं को तलाशने और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर दिया। महोत्सव ने यह संदेश भी दिया कि शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।
मेरठ। भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय में अब सारंगी वादन के डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स के परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग के अंतर्गत संचालित साबरी अकादमी ऑफ सारंगी के माध्यम से इन पाठ्यक्रमों का संचालन विश्वविख्यात सारंगी वादक उस्ताद कमाल साबरी के मार्गदर्शन में किया जाएगा। इस पहल से देश-विदेश के विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत के इस विशिष्ट वाद्ययंत्र को सीखने और उसमें दक्षता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
इस संबंध में सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल और विश्वविख्यात सारंगी वादक उस्ताद कमाल साबरी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज, फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा, परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. भावना ग्रोवर तथा डॉ. श्वेता चौधरी उपस्थित रहीं।
कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल ने नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और उस्ताद कमाल साबरी के साथ हुए समझौते पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने पाठ्यक्रमों से जुड़ने वाले देश-विदेश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की पहल भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही, विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण संगीत प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
वही मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय कला, संस्कृति और भारतीय परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उस्ताद कमाल साबरी के साथ यह समझौता इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। साबरी अकादमी ऑफ सारंगी के माध्यम से पारंपरिक संगीत ज्ञान को औपचारिक शिक्षा से जोड़ने के साथ ही भावी संगीत साधकों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
उस्ताद कमाल साबरी भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के प्रतिष्ठित सारंगी वादक और प्रसिद्ध साबरी घराने की संगीत परंपरा के प्रतिनिधि हैं। वह स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के पद पर भी कार्यरत हैं। उनके अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से विद्यार्थियों को सारंगी वादन की तकनीकों, उसकी बारीकियों और व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण में पारंपरिक गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को भी प्रमुखता दी जाएगी।
फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा और परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. भावना ग्रोवर ने इस पहल को भारतीय संगीत विरासत के संरक्षण तथा उच्च शिक्षा में पारंपरिक वाद्ययंत्रों के अध्ययन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
साबरी अकादमी ऑफ सारंगी के अंतर्गत शुरू किए जा रहे डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता और पाठ्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सुभारती विश्वविद्यालय की यह पहल सारंगी वादन को अकादमिक पहचान दिलाने, भारतीय शास्त्रीय संगीत की अमूल्य धरोहर को सहेजने और पारंपरिक संगीत शिक्षा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे देश-विदेश के विद्यार्थियों को भारतीय संगीत परंपरा से जुड़ने और अपनी संगीत प्रतिभा को निखारने का नया अवसर मिलेगा।
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित 35वीं ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में डीएम पब्लिक स्कूल परीक्षितगढ़ के चार निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर नेशनल के लिए क्वालीफाई किया है।
स्पोर्ट्स पिस्टल इवेंट में विद्यालय के चारों विद्यार्थियों ने क्वालीफाइंग स्कोर हासिल किया। रियांश चौधरी (मेरठ) ने 363/400 अंक, क्रिश त्यागी (रहदरा) ने 355/400 अंक, गगनदीप सिंह (परीक्षितगढ़) ने 351/400 अंक और अमनप्रीत सिंह (परीक्षितगढ़) ने 345/400 अंक प्राप्त किए। चारों खिलाड़ियों ने एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिचय दिया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर रविंद्र चौधरी, भागेश्वरी चौधरी एवं प्रधानाचार्य विनोद सिंह ने चारों खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।