Home Blog Page 82

11 हजार दीपों से जगमगा उठा हंसदास मठ परिसरमहालक्ष्मी मंदिर सहित अन्य देवालयों में भी पूजा-अर्चना के बाद प्रज्ज्वलित किए गए सैकड़ों दीप- लगा भक्तों का मेला

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। एयरपोर्ट रोड पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर शुक्रवार को धन तेरस के उपलक्ष्य में मठ परिसर में 11 हजार दीपों से सजावट कर पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ मठ के अधिष्ठाता महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के मार्गदर्सन में हुआ।

पं. अमित दास ने बताया कि इसके पूर्व मठ स्थित सभी देवालयों में पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्जलित किए गए। इस अवसर पर रामलला के दरबार सहित भगवान टीकमजी, रणछोड़जी तथा मठ स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर सहित सभी देवालयों को भी सैकड़ों दीपों से रोशन किया गया। सम्पूर्ण परिसर में आकर्षक रोशनी कर हंसदास विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों द्वारा दीप आराधना भी की गई। दीपोत्सव तक प्रतिदिन महालक्ष्मीजी का विभिन्न स्वरूपों में श्रृंगार किया जाएगा। यह श्रृंगार एवं दीपों से सजावट का सिलसिला भाईदूज तक जारी रहेगा।

मठ पर दीपावली, उसके बाद धोक पड़वा, गोवर्धन पूजा, भाई दूज एवं अन्य त्योहारों पर भी सभी देवालयों में पूजन एवं दर्शन की विशेष व्यस्व्था की जा रही है। मठ पर दीपावली का मुख्य महापर्व 8 नवम्बर को मनाया जाएगा। दीपावली से जुड़े पर्व भी क्रमानुसार मनाए जाएँगे।

विवेक बाफ़र राष्ट्रीय लोकदल के महानगर अध्यक्ष

रालोद शीर्ष नेतृत्व ने राष्ट्रपति अवार्डी युवा पर जताया भरोसा

  • नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के निर्देशानुसार तथा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की अनुमति से क्षेत्रीय अध्यक्ष हस्तिनापुर क्षेत्र तरसपाल मलिक द्वारा चौधरी विवेक बाफ़र को राष्ट्रीय लोकदल का महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

उल्लेखनीय है कि चौधरी विवेक बाफ़र राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हैं तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता उनकी पहचान रही है। उनके द्वारा चौधरी चरण सिंह पर लिखी पुस्तक की भी विगत दिनों काफ़ी सराहना हुई थी, जिसका विमोचन चौ जयंत ने किया थाl

नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक बाफ़र ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने मुझ पर जो विश्वास जताया है और जो जिम्मेदारी सौंपी है, मैं उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरूंगा। संगठन को मजबूत करना, पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना तथा सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना मेरी प्राथमिकता रहेगी। मैं पूरी लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करूंगा।

विवेक कुमार बाफ़र द्वारा विगत में किये गए विभिन्न कार्यक्रमों की भी काफ़ी सराहना की गई थी, विशेषकर अभी हाल ही में किये गए लोक कलाकार सम्मान समारोह की सराहना भी दिल्ली तक पहुची थीl

उनके महानगर अध्यक्ष मनोनीत होने पर राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी, बीरपाल मलिक, संसद राजकुमार सांगवान, प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) संगीता दोहरे, विनय प्रधान, रणवीर दैया, जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, आतिर रिज़वी, संजय पनवाड़ी, बाबूराम प्रजापति, अभिमन्यु, नरेश मल्लापुर, एड जयराज सिंह, सरदार दिलप्रीत, मारूफ़ अली आदि ने बधाई दी।

अयोध्या दीपोत्सव: आस्था, अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का पर्वोत्कर्ष

  • • सपना सी.पी. साहू ‘स्वप्निल’

उत्तर प्रदेश का अयोध्या दीपोत्सव आस्था, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ग्रामीण आजीविका का एक ऐसा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व महासंगम बन चुका है, जिसने पूरी दुनिया में भारत की प्राचीन चेतना, स्वावलंबन और आर्थिक समृद्धि का नया इतिहास रच दिया है। वर्ष 2017 से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी पर नियमित रूप से आयोजित होने वाला यह भव्य दीपोत्सव हर साल अपनी भव्यता और नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के माध्यम से त्रेतायुग के दृश्यों को धरातल पर जीवंत कर रहा है।

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व, पारदर्शी नीतियों और ग्रामोद्योग को मिले अभूतपूर्व संरक्षण के बल पर आज परंपरा और आधुनिक विकास का एक ऐसा विलक्षण समन्वय देखने को मिल रहा है, जिसने राज्य को बीमारू से बदलकर देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में अग्रणी बना दिया है। इस वर्ष 2026 की यह दीपावली न केवल भव्यता और अलौकिक उल्लास का प्रतीक है, बल्कि यह जन-जन को आर्थिक संबल प्रदान करने वाले एक सशक्त स्थानीय मॉडल की भी साक्षात साक्षी बन गई है।

इस वृहद आयोजन का सबसे बड़ा और प्रेरणादायक पहलू इसकी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कुटीर उद्योगों से जुड़ी सफलता है। सरयू के तट पर जलने वाला प्रत्येक मिट्टी का दीया आज प्रदेश के लाखों गरीब प्रजापतियों, कुम्हारों और माटी कला के कारीगरों के घरों में रोशनी और आजीविका का साधन बन रहा है। दीयों के इस विशाल निर्माण के लिए अयोध्या, अवध और आसपास के जिलों के हजारों कुम्हार परिवारों को महीनों पहले बड़े पैमाने पर आर्डर दिए जाते हैं, जिससे उन्हें सरकार द्वारा प्रत्यक्ष आर्थिक संबल मिलता है। इसके साथ ही, महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।

दीयों में बाती लगाने, तेल भरने, सजावट करने और दीपोत्सव के संपूर्ण प्रबंधन में हजारों महिलाओं का श्रम जुड़ा हुआ है, जिससे उनकी आय में कई गुना वृद्धि हुई है। पर्यटन की इस अभूतपूर्व वृद्धि से स्थानीय होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट, गाइड, परिवहन, और हस्तशिल्प के छोटे-बड़े व्यापारियों के व्यवसाय को भारी गति मिली है, जिससे आस्था का यह महान उत्सव आज प्रदेश के आर्थिक विकास का एक सशक्त इंजन बन चुका है।

योगी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन को प्रभावी ढंग से रोकने और युवाओं को अपनी ही माटी में स्वरोजगार के सुअवसर उपलब्ध कराने के लिए कई क्रांतिकारी योजनाएं धरातल पर उतारी हैं। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत विशेष अभियान चलाए गए हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं और पारंपरिक कारीगरों को खुद का उद्योग स्थापित करने के लिए वित्तीय संबल दिया जा रहा है।

सरकार ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की स्थापना के जरिए हजारों युवाओं को सीधा स्वरोजगार देने का लक्ष्य सफलता के साथ साकार किया है। इन कुटीर उद्योगों को वित्तीय मजबूती देने के लिए बैंकों के माध्यम से 40 करोड़ रुपये से अधिक का आसान ऋण और भारी ब्याज अनुदान उपलब्ध कराया गया है। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी एक जिला एक उत्पाद योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों, बुनकरों और शिल्पकारों को आधुनिक टूलकिट, निशुल्क कौशल प्रशिक्षण और वित्तीय प्रोत्साहन देकर उनके हुनर को सीधे वैश्विक और स्थानीय बाजार से जोड़ा गया है, जिससे दीपावली के इस पर्व पर खादी, माटी कला और स्थानीय हस्तशिल्प की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है।

अयोध्या के भव्य राम मंदिर के निर्माण और विश्वस्तरीय पर्यटन बुनियादी ढांचे के विकास ने उत्तर प्रदेश में सांस्कृतिक पर्यटन की एक अभूतपूर्व क्रांति ला दी है, जिससे देश-विदेश से आने वाले लाखों-करोड़ों पर्यटकों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। इस वर्ष दीपोत्सव के पावन अवसर पर राज्य सरकार ने गरीबों के जीवन में और अधिक उल्लास भरने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी के लिए 1,500 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी है, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का यह पर्व बिना किसी आर्थिक बाधा के संपन्न हो सके।


अयोध्या का यह दीपोत्सव अब केवल एक धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव का पर्व ही नहीं रह गया है, बल्कि यह वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने का एक जीवंत प्रमाण बन गया है। योगी सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि संस्कृति जब विकास और रोजगार का आधार बनती है, तो समाज के हर वर्ग तक समृद्धि स्वतः पहुंचती है और जब प्राचीन सांस्कृतिक आस्था को आधुनिक अर्थव्यवस्था और स्थानीय स्वावलंबन का संबल मिलता है, तब यही संगम प्रत्येक नागरिक के जीवन में आत्मनिर्भरता का नया सवेरा लेकर आता है और यही समग्र विकास का वास्तविक पर्वोत्कर्ष है।

लेखक —नित्य संदेश की समाचार संपादक हैं।

माटीकला मेले में लोकधुनों की तान, सांवरिया के नृत्य ने बढ़ाई शान

  • जलती मटकी के साथ चरी नृत्य और 13 मंजीरों की झंकार पर तेरहताली की प्रस्तुति ने बांधा समां

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मिट्टी के बर्तनों की सौंधी महक और शिल्पकारों की रचनात्मकता के बीच सजे माटीकला मेले में शुक्रवार को राजस्थान की लोकसंस्कृति ने अपनी अनूठी छटा बिखेरी। घुंघरुओं की लय, मंजीरों की झंकार और लोकगीतों की मधुर तान ने मेले के माहौल को सांस्कृतिक उत्सव में बदल दिया।

राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से सम्मानित लोककलाकार डॉ. विजय पाल सांवरिया ने घूमर, चरी, कालबेलिया और तेरहताली की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोककला की जीवंत दुनिया की सैर कराई। सिर पर जलती मटकी रखकर नृत्य का अद्भुत संतुलन हो या 13 मंजीरों की झंकार पर थिरकते कदम, हर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ओर से आयोजित क्षेत्रीय माटीकला मेला-2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थान के लोकप्रिय लोकगीत ‘केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश’ से हुई। इसके बाद डॉ. सांवरिया ने चरी नृत्य की प्रस्तुति दी। सिर पर मटकी रखकर उसमें जलती आग के साथ संतुलन साधते हुए नृत्य करना उनके कौशल और साधना का अनूठा प्रदर्शन रहा।

इसके बाद ‘धरती धोरा री…’ गीत के माध्यम से उन्होंने राजस्थान के थार मरुस्थल के रेतीले धोरों और वहां की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया। कालबेलिया नृत्य के दौरान ‘काल्यो कूद पड़ो मेला में…’ गीत पर परात और गिलास के ऊपर थिरकते कदमों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। इसके बाद तेरहताली नृत्य ने कार्यक्रम में रोमांच का नया रंग भर दिया।

राजस्थान के लोकदेवता बाबा रामदेव की आराधना में गाए जाने वाले ‘रूण झुण बाजे…’ गीत पर शरीर के विभिन्न हिस्सों में 13 मंजीरे बांधकर उनकी लयबद्ध झंकार के साथ नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस अनूठी कला ने दर्शकों को राजस्थानी लोकपरंपरा की गहराई से परिचित कराया। लोकधुनों की लय पर कई दर्शक भी अपने कदम थिरकाने से नहीं रोक सके।

बचपन की रुचि से लोकविरासत के संवाहक बने डॉ. सांवरिया

राजस्थान के अलवर जिले के मूल निवासी डॉ. विजय पाल सांवरिया को बचपन से ही नृत्य का शौक रहा है। समय के साथ यही रुचि राजस्थान की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का उनका जुनून बन गई। वह स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय मंचों तक अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोकनृत्य की समृद्ध परंपराओं को पहचान दिलाने और युवाओं को भारतीय संस्कृति की विविधता से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

वर्तमान में वह छावनी परिषद द्वारा संचालित सीएबी इंटर कॉलेज में हिंदी प्रवक्ता और एनसीसी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। डॉ. सांवरिया ने कहा कि माटीकला जैसे मेलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होते रहना चाहिए। ऐसे मंच लोक विरासत को संजोने वाले कलाकारों को पहचान और प्रोत्साहन देते हैं। साथ ही विलुप्त होती लोकपरंपराओं को बचाने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन शैल जगोता ने किया। 72 यूपी बटालियन एनसीसी की कमान अधिकारी कर्नल वंदना ग्रोवर और बटालियन के स्टाफ ने डॉ. सांवरिया को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी, आलोक सिसोदिया आदि मौजूद रहे।

अब जल जीवन मिशन के कामों को मिलेगी रफ्तार, ठेकेदारों के लंबित भुगतान जल्द करने के निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेरठ जोन के मेरठ और सहारनपुर मंडल के सभी नौ जिलों में जल जीवन मिशन और जल निगम (ग्रामीण) के अंतर्गत चल रही पेयजल योजनाओं के कामों में तेजी आने की उम्मीद है। लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे ठेकेदारों और कार्यदायी संस्थाओं को राहत देने के लिए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को पूर्ण हो चुके कार्यों के लंबित भुगतान प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने स्पष्ट किया है कि आगामी पर्व-त्योहारों से पहले पात्र देयकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भुगतान के अभाव में विकास कार्य प्रभावित न हों। शुक्रवार को लखनऊ में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने जल निगम (ग्रामीण) की रेट्रोफिटिंग योजनाओं और जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूरे हो चुके कार्यों के लंबित भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन ठेकेदारों और कार्यदायी संस्थाओं ने निर्धारित मानकों के अनुसार काम पूरा कर लिया है, उनके बिलों की जांच कर पात्र भुगतान में अनावश्यक देरी न की जाए।

इस निर्देश का असर मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में संचालित ग्रामीण पेयजल योजनाओं पर भी पड़ने की उम्मीद है। भुगतान की प्रक्रिया तेज होने से संबंधित ठेकेदारों को आर्थिक राहत मिलेगी और योजनाओं के शेष निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

IEC के लंबित बिलों का भी होगा निस्तारण

मंत्री ने जल जीवन मिशन और जल निगम (ग्रामीण) के अंतर्गत सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों से जुड़े लंबित बिलों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिलों की नियमानुसार जांच कराई जाए और पात्र पाए जाने वाले देयकों का शीघ्र भुगतान किया जाए।

10 दिन में पूरी करनी होगी सड़कों की मरम्मत

जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों के पुनर्स्थापन का काम भी समीक्षा के केंद्र में रहा। मंत्री ने प्रदेशभर में शेष रोड रेस्टोरेशन कार्य अगले 10 दिनों में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल करना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

इसके अलावा अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों से मिलने वाली पेयजल संबंधी शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।