Homeउत्तर प्रदेशमेरठप्रत्येक नागरिक की आवाज सुनना सीएम का दायित्व: अलका

प्रत्येक नागरिक की आवाज सुनना सीएम का दायित्व: अलका

नित्य संदेश। आपने ‘योगी की पाती’ को उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ परिवारजनों से संवाद का माध्यम बताया है। लोकतंत्र में संवाद तभी सार्थक है, जब नागरिक की आवाज़ सत्ता और प्रशासन तक पहुँचे और उस पर निष्पक्ष कार्रवाई भी हो। मैं भी पिछले लगभग चार वर्षों से ‘सेवा का संकल्प’ लेकर न्याय, पारदर्शिता, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जवाबदेही और राष्ट्रहित के लिए लगातार लिख रही हूँ।

राष्ट्रपति को लगभग 600 पृष्ठों का विस्तृत अभ्यावेदन, दस्तावेज़ों और साक्ष्यों सहित भेज चुकी हूँ। प्रधानमंत्री, आपको तथा अनेक संवैधानिक और प्रशासनिक संस्थानों को भी बार-बार अपनी बात पहुँचा चुकी हूँ। मेरे अभ्यावेदनों में कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार, छात्र निधियों के दुरुपयोग, जातिगत उत्पीड़न, एक दलित कर्मचारी के साथ कथित अमानवीय व्यवहार, महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली घटनाओं तथा अन्य गंभीर विषयों से संबंधित दस्तावेज़ और साक्ष्य शामिल हैं।

लेकिन सबसे बड़ा और विचलित करने वाला प्रश्न IGRS एवं CPGRAMS की शिकायत निस्तारण व्यवस्था को लेकर है। प्रस्तुत साक्ष्यों के बावजूद कथित भ्रामक एवं विरोधाभासी रिपोर्टों के आधार पर शिकायतों का निस्तारण किए जाने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित न होने के प्रश्न आज भी बने हुए हैं। क्या अधिकारियों को इस बात का कोई भय या जवाबदेही नहीं रह गई कि सरकारी शिकायत पोर्टलों पर प्रस्तुत रिपोर्टों की सत्यता भी जाँची जानी चाहिए?

यह विश्वास करना कठिन है कि सुशासन, पारदर्शिता और ‘Zero Tolerance’ के संकल्प वाले उत्तर प्रदेश में एक नागरिक को अपने दस्तावेज़ों और साक्ष्यों के साथ लगभग चार वर्षों तक न्याय के लिए भटकना पड़े। न सोशल मीडिया पर उठाई गई आवाज़ को अपेक्षित संज्ञान मिलता दिखाई देता है, न स्वतंत्र मीडिया में इस विषय पर कोई सार्थक चर्चा सामने आती है। जब संस्थागत मंचों पर भी प्रभावी परिणाम नहीं मिलते, तो नागरिक आखिर कहाँ जाए?

मैं किसी व्यक्ति को दोषी घोषित करने की अपेक्षा नहीं कर रही। मैं केवल यह चाहती हूँ कि प्रस्तुत साक्ष्यों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जाँच हो, कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय हो और कानून सबके लिए समान रूप से लागू हो—चाहे संबंधित व्यक्ति कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो।

इतिहास का सबसे गंभीर प्रश्न यही होगा कि क्या किसी व्यक्ति की आर्थिक या सामाजिक प्रभावशीलता के सामने संस्थागत जवाबदेही कमजोर पड़ गई थी? यदि ऐसा हुआ है, तो यह किसी एक नागरिक की पीड़ा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनविश्वास से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय होगा।

मैंने यह यात्रा किसी पद, पुरस्कार या व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और ‘सेवा का संकल्प’ लेकर शुरू की थी। आज भी उसी संकल्प के साथ खड़ी हूँ। मुख्यमंत्री जी, आपने 25 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार कहा है। क्या इस परिवार की एक नागरिक की चार वर्षों से लगातार लिखी जा रही पाती भी आप तक पहुँचेगी? एक नागरिक की आवाज़ सुनना भी सुशासन की परीक्षा है।

प्रो.अलका चौधरी
प्राचार्या (बिना प्रशासनिक प्रभार)
कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय
मेरठ

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular