Homeएजुकेशनचौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 77वें संविधान दिवस पर संवैधानिक आदर्शों के...

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 77वें संविधान दिवस पर संवैधानिक आदर्शों के माध्यम से भारत निर्माण पर संगोष्ठी आयोजित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संस्थान में 77वें संविधान दिवस के अवसर पर “Shaping Bharat Through Constitutional Ideals” (संवैधानिक आदर्शों के माध्यम से भारत का निर्माण) विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विधि अध्ययन संस्थान, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ, प्रो बोनो क्लब, मिनिस्ट्री ऑफ लॉ एंड जस्टिस, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत, मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान के सेमिनार हॉल में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, पद्मश्री सम्मानित शीशराम, प्रो. भूपेंद्र सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, प्रो. बीरपाल सिंह, निदेशक शोध एवं विकास, प्रो. दिनेश कुमार, मुख्य छात्रावास अधीक्षक, यशवंत यादव, जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, श्री अनुभव चौधरी, पैराएथलीट, डॉ. विवेक कुमार, समन्वयक, विधि अध्ययन संस्थान तथा कार्यक्रम संयोज आशीष कौशिक, सहायक आचार्य द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए संविधान की शपथ ली तथा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

इस अवसर पर संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों, समानता, न्याय, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया। कार्यक्रम संयोजक आशीष कौशिक, सहायक आचार्य, विधि अध्ययन संस्थान ने संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने कार्यक्रम के विषय “Shaping Bharat Through Constitutional Ideals” की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, राजनीतिक एवं नैतिक व्यवस्था का आधार है। संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात कर ही एक सशक्त, समावेशी और न्यायपूर्ण भारत का निर्माण किया जा सकता है।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कर्तव्यपरायणता, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करना और उन्हें अपने व्यवहार में स्थापित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करें। उनके अनुसार, एक जिम्मेदार नागरिक ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

विधि अध्ययन संस्थान के समन्वयक डॉ. विवेक कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विधि शिक्षा केवल कानून की धाराओं, अधिनियमों और प्रावधानों को पढ़ने एवं याद करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि कानून की मूल भावना को समझकर उसे जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने “Living with Law” अर्थात कानून के साथ जीने की अवधारणा पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उनके कर्तव्यों, सामाजिक उत्तरदायित्वों और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का भी बोध कराता है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करे, तो भारत विकास, सामाजिक समरसता और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर भारत 2047 के लक्ष्य से पहले भी विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं पद्मश्री सम्मानित शीशराम ने “मेरा भारत, मेरा भारतीय संविधान महान” के भावपूर्ण संदेश के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसकी महत्ता, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका तथा संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, देशभक्ति, परिश्रम और सकारात्मक सोच को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी शक्ति है और उसे अपने ज्ञान, चरित्र तथा मेहनत के माध्यम से राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने अपने परिचयात्मक संदेश में संविधान दिवस तथा युवा संवाद कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक होने, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सहभागिता करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं में जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना ऐसे कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य है।

श्री यादव के संदेश के पश्चात मेरठ की युवा प्रतिनिधि एवं नामित युवा आइकॉन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक युवा को अपनी भूमिका समझते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आना चाहिए। एकता, सहयोग, समर्पण और सामूहिक प्रयास ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम में कांस्य पदक विजेता पैराएथलीट अनुभव चौधरी ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने जीवन के संघर्ष, चुनौतियों, मेहनत और खेल यात्रा के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि जीवन में कठिन परिस्थितियां व्यक्ति की सफलता के मार्ग में बाधा नहीं, बल्कि उसकी दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास को मजबूत करने का अवसर होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संघर्षों से हार न मानने, निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने संविधान के प्रति सम्मान, समान अवसर और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सलोनी, हर्ष आनंद, आशीष, अंशिका रानी, शिवानी, हिमांशी, सृष्टि यादव, उत्तम एवं आयुष प्रताप सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने संविधान दिवस के अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समानता, न्याय, राष्ट्र निर्माण और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।

छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को विचारोत्तेजक, संवादपरक एवं प्रेरणादायी बनाया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. सुदेशना ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों, आयोजकों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी, लोकतांत्रिक समझ और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में प्रो. के.के. शर्मा, प्रो. राकेश शर्मा, प्रो. रमाकांत, प्रो. अरुण, डॉ. योगेंद्र गौतम, डॉ. विनय पंवार, डॉ. विवेक, डॉ. धर्मेंद्र (एससीआईआईईटी), डॉ. रेणु, नरेंद्र कुमार त्यागी (प्रोग्राम ऑफिसर, मेरा युवा भारत), डॉ. विकास कुमार, डॉ. कुसुमावती, डॉ. धनपाल सिंह, डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. सुशील कुमार शर्मा, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. शेख अरशद सहित संस्थान के शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular