नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्राकृतिक प्रसव को प्रोत्साहित करने और मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोसाइटी ऑफ मिडवाइव्स ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश चैप्टर के तत्वावधान में राष्ट्रव्यापी जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस अभियान में उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बस्ती, बिजनौर एवं मेरठ सहित चार जनपदों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रदेशभर में आयोजित इस पहल में करीब एक हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्राकृतिक प्रसव के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। मेरठ में पन्ना धाय मां सुभारती नर्सिंग कॉलेज ने पांचली स्वास्थ्य केंद्र के सहयोग से इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के 70 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जागरूकता अभियान का आयोजन स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय स्थित छत्रपति शिवाजी सुभारती अस्पताल तथा पांचली स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
छत्रपति शिवाजी सुभारती अस्पताल में कार्यक्रम का शुभारंभ एएनएस अरविंद एवं ओम प्रकाश की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान नर्सिंग छात्र-छात्राओं और अस्पताल के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं, पांचली स्वास्थ्य केंद्र में भी चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों एवं विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लिया। दोनों स्थानों पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्राकृतिक प्रसव को बढ़ावा देने और इसके प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद सुभारती विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने बैनर और जागरूकता संदेशों के माध्यम से प्राकृतिक प्रसव के महत्व एवं लाभों, मातृ स्वास्थ्य की देखभाल तथा सकारात्मक प्रसव पद्धतियों के बारे में लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि गर्भवती महिलाओं को उचित चिकित्सकीय देखभाल, परामर्श और सहयोग उपलब्ध कराकर सुरक्षित एवं सकारात्मक प्रसव को बढ़ावा दिया जा सकता है।

कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. गीता परवंदा, सुरभि भार्गव तथा रेणुका के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अभियान में नर्सिंग छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी ने मातृ स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक प्रसव के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा सुरक्षित, सम्मानजनक एवं मातृ स्वास्थ्य के अनुकूल प्रसव पद्धतियों को प्रोत्साहित करना रहा।


