नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के गणेश शंकर विद्यार्थी सुभारती पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में रूस में पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। मॉस्को पॉलिटेक यूनिवर्सिटी, मॉस्को की वक्ता एलिना ने विद्यार्थियों को रूस के मीडिया परिदृश्य, पत्रकारिता की बदलती कार्यशैली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। इस अवसर पर उनके साथ आईएसजीआर की निदेशक डॉ. हेमलता शर्मा भी मौजूद रहीं।
एलिना ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने पत्रकारिता के पारंपरिक स्वरूप को व्यापक रूप से बदल दिया है। आज मीडिया का कार्यक्षेत्र किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गया है। डिजिटल पत्रकारिता, मल्टीमीडिया कंटेंट, मीडिया रिसर्च और अंतरराष्ट्रीय संचार जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए वैश्विक स्तर पर नए अवसर विकसित हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा कौशल, तकनीकी दक्षता और अंतरराष्ट्रीय मीडिया की समझ विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों में वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की क्षमता होनी चाहिए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मीडिया जगत में भी अपनी पहचान बना सकें।

विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रितेश चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता की सीमाएं तेजी से विस्तृत हो रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल भारतीय मीडिया परिदृश्य तक सीमित न रहकर वैश्विक मीडिया व्यवस्था, संचार की नई तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की कार्यप्रणाली से भी परिचित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक और अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन बीएजेएमसी तृतीय वर्ष की छात्रा मेघा वर्मा ने किया। उन्होंने अतिथि वक्ता का परिचय देते हुए व्याख्यान को संवादात्मक रूप दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रूस में पत्रकारिता की शिक्षा, मीडिया संस्थानों में कार्य के अवसरों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर निर्माण से जुड़े सवाल भी पूछे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रीति सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अतिथि वक्ता एलिना और डॉ. हेमलता शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ इस तरह का संवाद विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक है। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकों डॉ. संतोष कुमार गौतम, प्रो. अशोक त्यागी, डॉ. आशुतोष वर्मा, डॉ. प्रीति सिंह, राम प्रकाश तिवारी आईएसजीआर के बॉबी खान एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


