नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीएम डैशबोर्ड पर स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न इंडीकेटर में खराब रैंकिंग होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा सीएमओ को नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये गये। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को बेहतर उपचार के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। अस्पतालों में अनावश्यक रेफरल की प्रवृत्ति पर रोक लगाते हुए मरीजों को यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रधानमंत्री जी का महत्वाकांक्षी लक्ष्य बताते हुए सरकारी एवं प्राईवेट अस्पतालो में कुल ओपीडी के सापेक्ष सैंपलिंग कम होने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने निर्धारित प्रतिशत के अनुरूप जांच एवं स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत आगामी तीन दिनों में लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करें तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों के साथ व्यवहार और उपचार व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करें।
बैठक में बिल भुगतान, उपकरण क्रय, यूनिसेफ, आशा भुगतान, आभा आईडी, एम्बुलेंस, डब्ल्यूएचओ एवं यूएनडीपी से संबंधित प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


