Homeउत्तर प्रदेशमेरठशोभित विश्वविद्यालय में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की युवा बैंकिंग शाखा का...

शोभित विश्वविद्यालय में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की युवा बैंकिंग शाखा का भव्य शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय परिसर में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की युवा-केंद्रित बैंकिंग शाखा का भव्य शुभारंभ कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र द्वारा किया गया। यह पहल विश्वविद्यालय और बैंक के बीच वर्षों से स्थापित सहयोग को एक नया आयाम प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार को आधुनिक, सुलभ और युवा-केंद्रित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय परिसर में पूर्व से ही यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का एक्सटेंशन काउंटर संचालित था। विश्वविद्यालय और बैंक के बीच इस दीर्घकालिक सहयोग को और व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए अब परिसर में एक समर्पित युवा बैंकिंग शाखा की स्थापना की गई है। यह पहल केवल बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता और बदलती आर्थिक व्यवस्थाओं से व्यावहारिक रूप से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में युवा बैंकिंग शाखा की स्थापना विद्यार्थियों को केवल आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें वित्त, अर्थव्यवस्था और बदलते आर्थिक परिदृश्य की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर भी प्रदान करती है। आज के दौर में प्रत्येक युवा के लिए वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग, बचत, निवेश तथा जिम्मेदार आर्थिक निर्णय लेने की समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के प्रति अधिक सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। शिक्षा संस्थानों और वित्तीय संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी देश में वित्तीय समावेशन, उद्यमशीलता एवं आर्थिक विकास की संस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ज़ोनल हेड अर्चना शुक्ला ने कहा कि बैंक युवाओं की बदलती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, सुलभ एवं तकनीक-सक्षम बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शोभित विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों में वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूकता तथा बैंकिंग सेवाओं के प्रति विश्वास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. त्यागी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ज़ोनल हेड अर्चना शुक्ला, रीजनल हेड पी. नरसिम्हा राव, विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी दीपक गोयल एवं शाखा प्रमुख रंजीत के. ठाकुर सहित बैंक एवं विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल हेड पी. नरसिम्हा राव ने सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular