Homeउत्तर प्रदेशमेरठसुभारती बुद्ध मेले का भव्य समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; अखंड...

सुभारती बुद्ध मेले का भव्य समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; अखंड भारत महापर्व की टीमों को मिला सम्मान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कार्यक्रम का शुभारंभ बौद्ध मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संदीप कुमार, मुख्य विकास अधिकारी तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप मे सुखविंदर सिंह सोम, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

उन्होंने मेले में प्रदर्शित भारतीय संस्कृति, बौद्ध परंपराओं, कला एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की। मीडिया से बातचीत करते हुए अतिथियों ने कहा कि सुभारती बुद्ध मेला भारतीय संस्कृति, साहित्य, कला और बौद्ध दर्शन को जनमानस तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ-साथ सामाजिक एकता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने मेले में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता और विद्यार्थियों की प्रतिभा को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी कला एवं रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते. सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण ईश्वर चंद विद्यासागर स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों का सम्मान रहा। इन बच्चों ने पिछले दिन अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से मेले में उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया था। उनके आत्मविश्वास, उत्साह और शानदार मंच प्रदर्शन की सभी ने सराहना की थी। इसी क्रम में सातवें दिन आयोजित कार्यक्रम में इन नन्हे कलाकारों को उनकी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास विकसित होता है तथा वे भविष्य में अपनी कला को और निखारने के लिए प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026 के सफल आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं एवं योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विभिन्न टीमों के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने सम्मानित सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के पीछे अनेक लोगों का सामूहिक परिश्रम, समर्पण और बेहतर समन्वय होता है। अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026 जैसे भव्य आयोजन को सफल बनाना किसी एक व्यक्ति या विभाग का कार्य नहीं, बल्कि पूरी टीम की एकजुटता, निष्ठा और साझा जिम्मेदारी का परिणाम है।

विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभाग, अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी ने अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। किसी ने आयोजन की योजना और व्यवस्थाओं को संभाला, तो किसी ने मंच संचालन, अतिथि सत्कार, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, तकनीकी व्यवस्था, सुरक्षा, अनुशासन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में अपनी भूमिका निभाई। सभी के समन्वित प्रयासों से यह आयोजन गरिमापूर्ण एवं सफल बन सका।

इस कार्यक्रम में सुभारती विश्वविद्यालय के सम-कुलाधिपति मेजर जनरल (डॉ.) जी.के. थपलियाल, एसएम (सेनि.), कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular