नित्य संदेश, इंदौर। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के समन्वय से नवीन श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता के उद्देश्य से आज प्रीतमलाल दुआ सभागृह, इंदौर में इंदौर एवं धार जिला स्तरीय ‘श्रम संवाद’ क्षमता निर्माण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में श्रमायुक्त, मध्यप्रदेश शासन श्रीमती शीतला पटले (आई.ए.एस.), एस आर दत्ता, संचालक , श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय, संजय तिवारी, अवर सचिव श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय, श्री प्रकाश जैन, प्रेसिडेंट एसोसिएशन आफ इण्डस्ट्रीज मध्यप्रदेश एवं गौतम कोठारी , प्रेसिडेंट पीथमपुर औद्योगिक संगठन, साकेत पांडे,उप संचालक DGOSH, PMU श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय, श्री आशीष पालीवाल उप श्रमायुक्त एवं श्रीमती मेघना भट्ट , उप श्रमायुक्त, श्रीमती रजनी मालवीय, उप श्रमायुक्त द्वारा उद्बोधन दिया गया। वक्ताओं ने नवीन श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, उद्देश्यों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान करते हुए उपस्थित नियोजकों एवं औद्योगिक प्रतिनिधियों को इनके अनुपालन के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर न्यूनतम वेतन, वेतन भुगतान, सामाजिक सुरक्षा, EPF, ESIC, औद्योगिक संबंध, कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य तथा नियोजकों के वैधानिक दायित्वों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में इंदौर एवं धार जिले के औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नियोजकों, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ता आदि सम्मिलित रहे। अंत में श्रीमती मेघना भट्ट उप श्रमायुक्त एवं श्री गौतम कोठारी ,प्रेसिडेंट पीथमपुर औद्योगिक संगठन द्वारा आभार व्यक्त्त किया गया।
नित्य संदेश, मेरठ। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, मेरठ में सोमवार को वार्षिकोत्सव ‘रश्मिरथी’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलए मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि विवेक रस्तोगी, मेरठ स्कूल फेडरेशन अध्यक्ष राहुल केसरवानी, मिस यूनिवर्स डिवा इंडिया 2022 निशा मौर्य, मिस फेस ऑफ सिटी मेरठ 2026 कृति शेरावत, विद्यालय के चेयरमैन डॉ. बृजभूषण, निदेशक संदीप गोयल, संजय गोयल, सचिन गोयल तथा प्रधानाचार्या स्वीटा ओझा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वार्षिकोत्सव का विषय महान कवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध कृति ‘रश्मिरथी’ रहा। छात्र-छात्राओं ने सहयोग, मित्रता, दानशीलता, मानवता और एकता जैसी भावनाओं को कर्ण के जन्म, नदी में प्रवाह, अधिरथ के घर पालन, शिक्षा और परशुराम द्वारा शाप, दान के लिए संघर्ष, दुर्योधन से मित्रता और कवच-कुंडल दान के प्रसंगों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। चेयरमैन डॉ. बृजभूषण ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या स्वीटा ओझा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
नित्य संदेश, मेरठ। गुप्ता क्लासेस के डायरेक्टर डॉ. आलोक गुप्ता ने KVS डोगरा स्कूल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए करियर गाइडेंस सेमिनार आयोजित किया।
रक्षा क्षेत्र के अनुशासित वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को NDA, CDS, बैंकिंग, SSC, CUET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं करियर अवसरों की जानकारी दी गई। डॉ. आलोक गुप्ता ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के महत्व से अवगत कराते हुए रक्षा सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने गणितीय प्रश्नों को कम समय में हल करने की उपयोगी शॉर्टकट तकनीकें भी साझा कीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.के. सक्सेना की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रेरणादायी पहल के लिए डॉ. आलोक गुप्ता का आभार व्यक्त किया।
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटू राम इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (SCRIET) में आयोजित पीयर-टू-पीयर लर्निंग कार्यशाला के 14वें दिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं ड्रोन रोबोटिक्स पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंजीनियर प्रवीण पंवार ने पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिवम गोयल भी उपस्थित रहे।कार्यशाला के दौरान वरिष्ठ छात्र रविंद्र मिश्रा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर विस्तार से व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऐसी तकनीक है, जिसके माध्यम से कंप्यूटर एवं मशीनों को मानव बुद्धिमत्ता की तरह सीखने, तर्क करने, विश्लेषण करने और निर्णय लेने में सक्षम बनाया जाता है।उन्होंने AI के विकास की यात्रा को समझाते हुए इसके प्रारंभिक नियम आधारित सिस्टम से लेकर मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, आर्टिफिशियल न्यूरल नेटवर्क, एन्कोडर-डिकोडर आर्किटेक्चर और आधुनिक जनरेटिव AI तक के विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न प्रकार के एल्गोरिदम और न्यूरल नेटवर्क की कार्यप्रणाली को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही बताया कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, उद्योग, अंतरिक्ष विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने AI एवं कंप्यूटिंग के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित वैज्ञानिकों के योगदान का भी उल्लेख किया।
सत्र का विशेष आकर्षण ड्रोन रोबोटिक्स का व्यावहारिक प्रदर्शन रहा। रविंद्र मिश्रा ने विद्यार्थियों को एक ड्रोन रोबोट की संरचना, निर्माण प्रक्रिया और उसमें उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों एवं इलेक्ट्रॉनिक घटकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ड्रोन को खोलकर उसके अलग-अलग हिस्सों की कार्यप्रणाली समझाई तथा बताया कि मोटर, प्रोपेलर, फ्लाइट कंट्रोलर, बैटरी, सेंसर और अन्य घटक किस प्रकार आपस में समन्वय स्थापित करके ड्रोन को उड़ान और नियंत्रण प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर इंजीनियर प्रवीण पंवार ने कहा कि इंजीनियरिंग केवल मशीनों और तकनीकों का अध्ययन नहीं, बल्कि विज्ञान के सिद्धांतों, गणितीय अवधारणाओं और नवाचार का उपयोग करके मानव जीवन एवं समाज के सामने उपस्थित वास्तविक समस्याओं के व्यावहारिक, प्रभावी और टिकाऊ समाधान विकसित करने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पीयर-टू-पीयर लर्निंग विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान के साथ नेतृत्व, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने भविष्य की तकनीकों पर चर्चा करते हुए कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोनॉमस सिस्टम, ड्रोन टेक्नोलॉजी और क्वांटम कंप्यूटिंग का होगा। रोबोटिक्स के माध्यम से ऐसे स्मार्ट सिस्टम विकसित होंगे जो जटिल कार्यों को स्वतः कर सकेंगे, वहीं क्वांटम कंप्यूटिंग भविष्य में दवा निर्माण, मटेरियल साइंस, जटिल गणनाओं और वैज्ञानिक अनुसंधान के नए आयाम खोल सकती है। AI, रोबोटिक्स और क्वांटम कंप्यूटिंग का एकीकरण इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अभूतपूर्व संभावनाएं पैदा करेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे केवल तकनीक का उपयोग करने तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं तकनीक विकसित करने, प्रयोग करने और समाज की समस्याओं के समाधान खोजने की दिशा में कार्य करें।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने AI एवं ड्रोन निर्माण से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे और व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। इस प्रकार कार्यशाला का 14वां दिन विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान, नवाचार और प्रयोगात्मक सीख का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ। इस दौरान अनन्या,प्रखर इत्यादि छात्र छात्राएं मौजूद रहे
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय माधवपुरम की एनसीसी इकाई द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता 22 यूपी गर्ल्स बटालियन मेरठ के कमांडिंग आफिसर कर्नल होपेंदर ठाकुर तथा प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह के संरक्षण और एनसीसी अधिकारी कैप्टन (प्रो.) लता कुमार के नेतृत्व में हुई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सुरक्षा विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाए।
प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह ने पोस्टरों का अवलोकन कर कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं, बच्चियों व छात्राओं की सुरक्षा और स्वावलंबन से जुड़ा अभियान है, इसमें सभी को भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कैडेट्स से आसपास की बालिकाओं व महिलाओं को जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में कैडेट महक जायसवाल ने प्रथम, भूमि ने द्वितीय तथा गौरी और अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजन में 27 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया, जबकि 48 कैडेट्स उपस्थित रहे।