18 से 24 नवंबर तक विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयास से मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं मेडिकल विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
नित्य संदेश ब्यूरो
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, ललितपुर में 18 से 24 नवंबर 2026 तक विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह (World AMR Awareness Week) का आयोजन माइक्रोबायोलॉजी विभाग के नेतृत्व में विभिन्न क्लीनिकल विभागों के सहयोग से किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (Antimicrobial Resistance–AMR) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण एवं उचित उपयोग को प्रोत्साहित करना था।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. (प्रो.) मयंक कुमार शुक्ला ने अपने संदेश में कहा कि एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध वर्तमान समय की गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग भविष्य में सामान्य संक्रमणों के उपचार को भी कठिन बना सकता है।
उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय परामर्श एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाना चाहिए। इस दिशा में सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता है।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गजेन्द्र सिंह ने अपने संदेश में कहा कि एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध को नियंत्रित करने के लिए अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण के नियमों का कड़ाई से पालन आवश्यक है। हाथों की स्वच्छता, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का उचित उपयोग, संक्रमण की रोकथाम तथा अस्पताल की स्वच्छता इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से संक्रमण नियंत्रण संबंधी प्रोटोकॉल का नियमित पालन करने की अपील की।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मधुरेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए एंटीबायोटिक स्टेवार्डशिप को प्रभावी रूप से लागू करना आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि एंटीबायोटिक का चयन उचित चिकित्सकीय मूल्यांकन, आवश्यकतानुसार कल्चर एवं सेंसिटिविटी जांच तथा निर्धारित उपचार दिशा-निर्देशों के आधार पर किया जाए।
साथ ही अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण एवं नियमित निगरानी को और मजबूत किया जाए।इमरजेंसी के नोडल अधिकारी डॉ. विशाल जैन ने अपने संदेश में कहा कि इमरजेंसी विभाग में आने वाले मरीजों को त्वरित एवं उचित उपचार प्रदान करते समय एंटीबायोटिक दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। गंभीर संक्रमणों में समय पर उचित उपचार के साथ-साथ संक्रमण की रोकथाम, स्वच्छता एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक का अनावश्यक प्रयोग रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।सप्ताह के दौरान माइक्रोबायोलॉजी विभाग एवं विभिन्न क्लीनिकल विभागों के संयुक्त तत्वावधान में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों एवं एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के कारणों एवं दुष्परिणामों, एंटीबायोटिक के सही उपयोग, कल्चर एवं एंटीबायोटिक सेंसिटिविटी जांच के महत्व, संक्रमण नियंत्रण, हाथों की स्वच्छता तथा एंटीबायोटिक स्टेवार्डशिप पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को भी संदेश दिया गया कि बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें, वायरल संक्रमण में एंटीबायोटिक का अनावश्यक उपयोग न करें तथा चिकित्सक द्वारा निर्धारित उपचार का पालन करें।
कार्यक्रम के समापन पर यह संकल्प लिया गया कि एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की रोकथाम के लिए अस्पताल में नियमित जागरूकता, प्रशिक्षण, संक्रमण नियंत्रण ऑडिट, एंटीबायोटिक उपयोग की निगरानी एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को निरंतर मजबूत किया जाएगा।महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एंटीबायोटिक दवाएं एक अमूल्य चिकित्सा संसाधन हैं और उनका संरक्षण वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।


