नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में मैनुअल स्कैवेंजर (हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों) के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013 के जनपद में प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुपालन की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रशासनिक बैठक हुई।
बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में स्वच्छकारों का कल्याण, सम्मान, सामाजिक सुरक्षा एवं उनके अधिकारों का संरक्षण प्रमुखता से शामिल है। स्वच्छकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सभी संबंधित विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पात्र स्वच्छकारों को इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं एवं उनसे संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। शासनादेशों एवं उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि स्वच्छकारों की कार्यप्रकृति, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों तथा उनसे जुड़ी समस्याओं की संवेदनशीलता को समझते हुए सभी संबंधित विभाग उनके प्रकरणों का मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर प्राथमिकता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से स्वच्छकारों को लाभान्वित करने के लिए उनके क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड भी बनवाए जाएं, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने नगर निगम में स्वच्छकारों की संख्या बढ़ाने, सफाई कर्मचारियों के विभिन्न लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण करने तथा समस्त पात्र स्वच्छकारों को ईएसआई कार्ड वितरित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई कार्य में सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक उपकरण, सुरक्षा किट एवं अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार अनुमन्य बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो फर्म एवं ठेकेदार निर्धारित नियमों एवं श्रम संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं करते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई की जाए।
अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इस अभियान को धरातल पर साकार करने में स्वच्छकारों की भूमिका अत्यंत अहम है। इसलिए उनके सम्मान, सुरक्षा, बेहतर कार्य परिस्थितियों एवं कल्याण के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


