- अब कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर, 26 नवंबर से शुरू होंगे पंजीकरण
शाहिद खान
नित्य संदेश, मेरठ। सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल (सीवीपीएस) ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से इंटीग्रेटेड स्टार कोर्स का विस्तार किया है। इसके तहत कक्षा छह के लिए ‘निर्माण’ और कक्षा सात के लिए ‘आरोहण’ नाम से दो नए स्टार बैच शुरू किए गए हैं।
सोमवार को विद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी गई।इन नए बैचों के शुरू होने के साथ ही इंटीग्रेटेड स्टार कोर्स अब कक्षा छह से 12वीं तक संचालित होगा। इससे पहले कक्षा आठ के लिए संकल्प, नौवीं के लिए दिशा, दसवीं के लिए नींव, 11वीं के लिए प्रारंभ और 12वीं के लिए प्रगति बैच संचालित किए जा रहे हैं।
विद्यालय की एडिशनल मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. शिवानी अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की बदलती शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए विद्यालय लगातार नई पहल कर रहा है। वहीं, फाउंडर एवं सीईओ डॉ. आर्यन अग्रवाल ने बताया कि कोर्स का उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने के साथ विषयों की अवधारणाओं को स्पष्ट करना और शुरुआती कक्षाओं से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।
प्रधानाचार्या मीनू कपूर ने बताया कि कोर्स में नियमित पाठ्यक्रम के साथ विशेष मार्गदर्शन, व्यक्तिगत ध्यान, नियमित मूल्यांकन और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी कराई जाएगी। नए बैचों के लिए पंजीकरण फॉर्म 26 नवंबर 2026 से उपलब्ध होंगे।
डायरेक्टर डॉ. हिमानी अग्रवाल ने इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. ओपी अग्रवाल और चेयरपर्सन डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने भी इस पहल पर शुभकामनाएं दीं।


